Loading...

आज लेह से दिल्ली भेजे जाएंगे सियाचिन के हिम योद्धाओं के शव

लद्दाख के सियाचिन ग्लेशियर में शहीद हुए सेना के जवानों के शवों को आज सुबह लेह से दिल्ली भेजा जाएगा। रविवार को नौ शहीदों के शवों को आर्मी एविएशन कोर के हेलीकॉप्टरों में हुंदर से लेह पहुंचाया गया। सुबह सेना की चौदह कोर के कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एसके पतयाल शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

इन शवों को सुबह ग्यारह बजे से पहले दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचाया जाना है, जहां से घरों की ओर रवाना करने से पहले थलसेना अध्यक्ष उन्हें सलामी देंगे। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी की ओर से पुष्प चक्र भी अर्पित किए जाएंगे। सेना की उत्तरी कमान के पीआरओ डिफेंस कर्नल एसडी गोस्वामी ने इसकी पुष्टि की है।

तीन फरवरी को हिमस्खलन की चपेट में आने से दस जवान लापता हो गए थे। नौ फरवरी को हनुमनथप्पा जीवित मिले थे। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई थी। दस फरवरी को नौ शव मिल गए थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें पोस्ट पर ही रखना पड़ा था।