Loading...

मौसम विभाग ने जताई बारिश की आशंका, बढ़ेगी ठंड

दिसंबर के आने के साथ ही ठंड की चादर ने लगभग पूरे
उत्तर भारत को अपने आगोश में समेट लिया है। लेकिन आंशका है
कि आने वाले कुछेक दिनों में राजधानी में ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने 7 दिसंबर को घना कोहरा छाने की
संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक 9 और 10 दिसंबर
को हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम
तापमान गिरकर 10 डिग्री तक जा सकता है। शुक्रवार को सुबह 6
से 7:30 बजे के दौरान सफदरजंग में विजिबिलिटी 600 मीटर तक
दर्ज हुई। वहीं अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया,
जो नॉर्मल से दो डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य
से तीन डिग्री ज्यादा के साथ 12.4 डिग्री दर्ज हुआ। इसके
अलावा हवा में अधिकतम आर्द्रता (नमी) 93 पर्सेंट थी जबकि
न्यूनतम 42 फीसदी आंकी गई। शहर की कुछ जगहों पर न्यूनतम
तापमान 11 डिग्री से भी कम दर्ज किया गया, मसलन जाफरपुर में
9.3 डिग्री, लोदी रोड में 10.4 डिग्री, नरेला में 10.3 डिग्री,
नजफगढ़ में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आने वाले दिनों में
सुबह के वक्त कोहरा छाएगा, जिससे विजिबिलिटी पर भी असर
पड़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 8 दिसंबर
को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) उत्तर भारत में
दस्तक देगा। इस बार इसकी तीव्रता पहले के मुकाबले ज्यादा
बताई जा रही है। इससे मौसम के पैटर्न में खासा बदलाव होने का
अनुमान है। ठंडी हवाएं दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों में
आ सकती है। इससे तापमान गिर सकता है। वहीं पहाड़ी इलाकों में
अच्छी बर्फबारी हो सकती है, साथ ही कुछ जगहों में चक्रवाती
हवाओं का सिस्टम भी बनने की संभावना है। 9 और 10 दिसंबर को
बारिश होती है तो उसके बाद 11 दिसंबर से कोहरा सुबह के वक्त
छाएगा। इसके कारण हवा में नमी और भी बढ़ेगी और तापमान पर
भी असर निश्चित रूप से पड़ेगा।