Loading...

RSS के 'शॉट' से 'खामोश' हुए शॉटगन

 लंबे समय से पार्टी लाइन से अलग चल रहे बीजेपी नेता व सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नाराज है। सूत्र बताते हैं कि संघ मुख्यालय अपनी बात रखने पहुंचे शॉटगन (शत्रुघ्न सिन्हा) से संघ के नेताओं ने मिलने से इंकार कर दिया है। आरएसएस के इस शॉट पर शॉटगन खामोश हैं। फिलहाल उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
बताया जाता है कि शत्रुघ्न सिन्हा शनिवार को आरएसएस मुख्यालय पहुंचे थे। वहां उन्होंने बिहार चुनाव व पार्टी के खिलाफ अपने बयानों की सफाई देने के लिए बड़े नेताओं से मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें समय नहीं मिल सका। इसे श्ात्रुघ्न से संघ की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है।

विदित हो कि बीते दिनों शत्रुघ्न सिन्हा बीजेपी के बड़े नेताओं व पार्टी नीतियों के विरोध में अपने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष बयानों को लेकर विवादों में रहे। उन्होंने बिहार में पार्टी की हार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ भी बयान दिए। शत्रुघ्न सिन्हा ने यह भी कहा कि अगर चुनाव प्रचार में उनका उपयोग किया जाता तो नतीजे अलग होते।

शत्रुघ्न सिन्हा बीजेपी के विरोधी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपने व्यक्तिगत संबंधों को लेकर भी विवादों में रहे। एक तरफ बीजेपी बिहार की बदहाली के लिए नीतीश कुमार के कुशासन को जिम्मेदार ठहराती रही तो दूसरी तरफ शत्रुघ्न सिन्हा नीतीश कुमार के सुशासन की तारीफ में कसीदे कढ़ते व उन्हें विकास पुरुष बताते दिखे।