अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की मुंबई की संपत्ति आज नीलाम होने जा रही है और इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नीलामी सुबह 11 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक चलेगी। इस बोली के लिए सरकार ने तीन प्रक्रिया रखी है, जिसको लेकर पुलिस प्रशासन ने भी कमर कस ली है।
मुंबई के नागपाडा में दाऊद का एक होटल बना है ‘दिल्ली जायका' ये होटल बेशक छोटा सा है और जर्जर हालत में है लेकिन इसकी कीमत करोड़ों में है क्योंकि ये इलाका काफी पॉश इलाकों में आता हैं। 80 के दशक में जब पुलिस ने दाऊद पर शिकंजा कसा तो वो मुंबई छोड़कर अपने गुर्गें के साथ यहां से भाग गया ये होटल दाऊद की काली कमाई का ही एक हिस्सा है, लेकिन अब सरकार इसे नीलाम करने जा रही है।
अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम के होटल रौनक अफरोज की नीलामी के लिए बोली लगाने वालों में से एक ने हाथ खींच लिया है। इसका कारण अधिकारियों द्वारा संपत्ति पर कब्जा दिलाने का आश्वासन नहीं देना बताया है, जबकि एक अन्य बोली लगाने वाले ने नीलामी की अग्रिम राशि जमा करा दी है। शहर के पाकमोडिया स्ट्रीट पर स्थित इस संपत्ति की बुधवार को नीलामी होगी।
नीलामी से पीछे हटने वाले दिल्ली के वकील अजय श्रीवास्तव ने 2001 में नीलामी में दाऊद की संपत्ति खरीदी थी लेकिन इस पर कब्जे के लिए वह अब तक लड़ाई लड़ रहे हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि नीलामी में 1.35 करोड़ रुपये खर्च करने से उन्हें कोई परेशानी नहीं है। वे चाहते हैं कि नीलामी के बाद संपत्ति पर कब्जा दिलाया जाए।
श्रीवास्तव के मुताबिक, अधिकारियों का कहना है कि वे केवल संपत्ति के कागजात और मालिकाना हक सौंपेंगे। कब्जा दिलाने पर अधिकारियों ने चुप्पी साध ली। उन्होंने कहा कि एक बार हाथ जलाने के बाद वह फिर वही काम करना नहीं चाहते। ऐसी संपत्ति के लिए क्यों पैसा लगाया जाए जिसका कब्जा कभी नहीं मिल पाएगा।
इस बीच, नीलामी के लिए 30 लाख रुपये जमा कराने वाले एनजीओ देश सेवा समिति को दाऊद की संपत्ति मिलने का भरोसा है। एनजीओ के एस. बालाकृष्णन ने कहा कि सरकार हमें इस पर कब्जा दिलाएगी। उनकी इस जगह पर कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र खोलने की योजना है।
गौरतलब है कि 1993 मुंबई विस्फोटों के बाद सरकार ने भगोड़े दाऊद के रौनक अफरोज होटल को जब्त कर लिया था। अभी यह टूटे-फूटे हालत में है।