टेलीकॉम बाजार का धमाका मानी जा रही रिलायंस जियो की 4जी सेवा का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। फिलहाल इसकी शुरुआत रिलायंस परिवार से होगी। रिलायंस समूह के संस्थापक धीरूभाई अंबानी के जन्मदिन 28 दिसंबर की पूर्व संध्या पर रिलायंस समूह के सभी कर्मियों के लिए जियो की शुरुआत हो जाएगी। इसका कॉमर्शियल लांच कब होगा, इसके बारे में कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी है।
रिलायंस जियो की सेवाओं के परीक्षण के बाद यह पहला मौका होगा, जब कंपनी की 4जी सेवा का इस्तेमाल देश भर में बड़ी संख्या में समूह के कर्मचारी करेंगे। बताया जाता है कि रिलायंस समूह में कर्मचारियों की कुल संख्या 80-85 हजार से अधिक है। 27 दिसंबर की शाम को समूह के समस्त कर्मचारियों के लिए जियो का विशेष लांच हो रहा है। इसमें फिल्म अभिनेता शाहरुख खान और मशहूर संगीतकार एआर रहमान भी हिस्सा लेंगे। शाहरुख इस कार्यक्रम का संचालन करेंगे।
रिलायंस समूह के मुखिया मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी की तरफ से भेजे गए एक ईमेल से सभी कर्मचारियों को जियो की इस विशेष शुरुआत की जानकारी दी गई है। इस मेल के जरिये मुकेश व नीता ने रिलायंस परिवार के सभी कर्मचारियों को इस संबंध में होने जा रहे भव्य आयोजन में आमंत्रित किया है। यह आयोजन मुंबई में रिलायंस कॉरपोरेट पार्क में आयोजित किया जा रहा है। जियो के जरिये कंपनी इसका टेलीकास्ट भी कर रही है, जो देश भर में करीब एक हजार लोकेशन पर उपलब्ध होगा। मेल में अंबानी दंपती ने लिखा है, 'हमें यह जानकारी साझा करते हुए हर्ष हो रहा है कि समूह संस्थापक के जन्मदिन के मौके पर हम जियो को सबसे पहले अपने साथियों के लिए प्रस्तुत कर रहे हैं।
हाल ही में रिलायंस जियो के परीक्षण पर अंतरराष्ट्रीय एजेंसी क्रेडिट सुइस की रिपोर्ट आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि परीक्षण के दौरान पाया गया कि अन्य मोबाइल नेटवर्क और फिक्स्ड लाइन पर की गई सभी कॉलें संतोषजनक रहीं। परीक्षण के दौरान जियो के मोबाइल सिग्नल की क्वॉलिटी मॉल, ऑफिस बिल्डिंग, सार्वजनिक स्थानों, राजमार्गों और मुंबई के बाहर के ग्र्रामीण इलाकों में अच्छी रही। इसके लिए चलते वाहन में भी टेस्ट किए गए। कंपनी के नेटवर्क पर डाटा डाउनलोड की रफ्तार भी परीक्षण के दौरान काफी तेज पाई गई है। ज्यादातर समय 15 से 30 एमबीपीएस की डाउनलोड स्पीड रही। यह स्पीड कभी-कभी 70एमबीपीएस तक भी पहुंची है।