Loading...

कड़कड़ाती ठंड की चपेट में पूरा उत्तर भारत, सिर्फ यूपी में गई 18 लोगों की जान

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है और उसके परिणाम स्वरूप मैदानी इलाकों में भी सर्दी बढ़ रही है। मौसम के कारण पहाड़ों पर आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। हिमाचल प्रदेश में एक दिन में पारा सात डिग्री तक लुढ़क गया, उधर जम्मू-कश्मीर से आज से चालीस दिन तक चलने वाला ठंड का मौसम चिल्ले कलां शुरू हो गया है।

उधर उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट अभी जारी रहेगी। हालांकि दिन में मौसम साफ रहेगा। इस बीच ठंड से मरने वालों का सिलसिला थम नहीं रहा है। 18 और लोगों ठंड से मौत हो गई। राजधानी लखनऊ में बीते सप्ताह से न्यूनतम तापमान चार-पांच डिग्री के आस-पास बना हुआ है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री रिकार्ड हुआ।

कई दिनों से चल रही कड़ाके की ठंड के बीच सोमवार को कानपुर का पारा 0.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अपनी आमद के पहली रात को चिल्ले कलां ने कश्मीर में मौजूदा सर्दियों की सबसे ठंडी रात का अहसास करवा दिया। पूरी वादी में तापमान शून्य से नीचे माइनस में रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से नीचे -11.0 डिग्री व श्रीनगर में -5.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली और उसके आसपास के जिलों में तेज ठंड का सिलसिला बरकरार है।

नई दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है। यहां दिन का अधिक तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर के कई इलाकों में सुबह 8.23 बजे धुंध छाई रही और दृश्यता घट कर चार सौ मीटर रह गई थी। मौसम विभाग ने कल भी आसमान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना जाहिर की है और तापमान 20 से 6 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद समूचा राज्य शीतलहर की चपेट में है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में चार से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई जबकि अधिकतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। केलंग का तापमान -11.5 तक लुढ़क गया है जबकि राज्य के नौै स्थानों का तापमान भी जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। ऊना जिला का न्यूनतम तापमान -2.5 डिग्री तक पहुंच चुका है। प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में पेयजल पाइपें भी जाम हो रही हैं। इस कारण लोगों को पेयजल किल्लत हो गई है।

पंजाब में कड़ाके की ठंड ने जोर पकड़ लिया है। दिन में चटक धूप के बावजूद न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। अमृतसर सबसे ठंडा रहा। यहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम था।

उत्तराखंड इन दिनों सर्द हवा की मार से त्रस्त है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में धुंध और पहाड़ में पाले ने ठिठुरन में और इजाफा कर दिया। पर्वतीय इलाकों में चटख धूप निखर रही, लेकिन बर्फीली हवा धूप की गर्माहट महसूस नहीं होने दे रही। मैदानी क्षेत्रों में भी सर्द हवा दम फुला रही है।