Loading...

नहीं रहे नेताओं को 'रुलाने वाले' कार्टूनिस्ट सुधीर तैलंग

देश के जाने-माने पॉलिटिकल कार्टूनिस्ट सुधीर तैलंग का निधन
हो गया है। 65 साल के तैलंग पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे
और हॉस्पिटल में भर्ती थे।
तैलंग का जन्म राजस्थान के बीकानेर में 1950 में हुआ था। उन्होंने
अपना पहला कार्टून 1960 में उस वक्त बनाया था जब वह महज 10
साल के थे। तैलंग ने अपने करियर की शुरुआत इलस्ट्रेटेड वीकली ऑफ
इंडिया के साथ मुंबई में 1982 में की थी। 1983 में उन्होंने नवभारत
टाइम्स दिल्ली जॉइन किया था। इसके बाद कई सालों तक वह
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ जुड़े रहे। अपने करियर के दौरान उन्होंने
इंडियन एक्सप्रेस, टाइम्स ऑफ इंडिया और एशियन एज के साथ भी
काम किया था।
कार्टून के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए तैलंग को 2004 में
पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। हाल में ही उन्होंने 'नो,
प्राइम मिनिस्टर' नाम से कार्टून्स की एक किताब लॉन्च की
थी। यह किताब पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर आधारित थी।