दक्षिणी ताइवान में शनिवार तड़के आए जबरदस्त भूकंप से कई इलाकों में इमारतें ध्वस्त हो गईं। इसके चलते तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक दस दिन की बच्ची भी शामिल है। भूकंप का केंद्र दक्षिण-पूर्वी टेनन में 43 किमी दूर बताया गया है। राहत और बचावकार्य के दौरान अब तक करीब सौ से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है वहीं करीब दो सौ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.4 मापी गई। यह भूकंप सुबह करीब चार बजे आया। इसके बाद भी कई झटके महसूस किए गए हैं।
राहत में जुटे लोगों को मलबा हटाने के लिए क्रेन, बुलडोजर समेत अन्य भारी मशीनों का सहारा लेना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक करीब दर्जन भर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
71 वर्षीय एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक भूकंप के तेज झटके से एकाएक उनकी इमारत में कंपन शुरू हो गया और कुछ सैकेंड बाद पूरी इमारत भरभरा कर गिर गई।