सपा आलाकमान से नाराज चल रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तीन दिन बाद भी इटावा के सैफई महोत्व में नहीं पहुंचे। नाराज चल रहे अखिलेश यादव को बनाने कल सैफई से धर्मेन्द्र यादव तथा तेज प्रताप सिंह यादव उर्फ तेजू लखनऊ पहुंचे। इटावा के सैफई में 26 दिसंबर से आयोजित हो रहे सैफई महोत्सव में मुख्यमंत्री चार दिन बाद भी नहीं पहुंचे हैं।
बदायूं के सांसद धर्मेन्द्र यादव सीएम अखिलेश यादव के भाई हैं जबकि मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप सिंह यादव उर्फ तेजू इनके भतीजे हैं। इन लोगों ने कैबिनेट मंत्री तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद सीएम ने एक साइकिल यात्री को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिसमें धर्मेंद्र तथा तेजू भी मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद सैफई जाने के पत्रकारों के सवाल पर अखिलेश ने सिर्फ इतना कहा कि अरे अभी थोड़ा इंतजार कीजिए। माना जा रहा है कि करीब एक घंटे की यह मुलाकात आज रंग ला सकती है।
26 दिसंबर से सैफई महोत्सव की शुरुआत सीएम के पैतृक गांव सैफई में हुई है। बीते 17 वर्ष से यह कार्यक्रम हर वर्ष होता है। सीएम अखिलेश यादव को सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव के साथ महोत्सव का उद्घाटन करना था, वो 26 दिसंबर को उद्घाटन करने नहीं पहुंचे थे, जबकि इस मौके पर मुलायम सिंह का पूरा परिवार मौजूद था। प्रो. रामगोपाल यादव ने ढोल-नगाड़ा बजाकर महोत्सव का उद्घाटन किया था। इसके बाद 27 को ग्रामीण क्रिकेट लीग (आईजीसीएल) टूर्नामेंट का उद्घाटन सीएम अखिलेश को करना था, लेकिन वो नहीं पहुंचे। काफी इंतजार के बाद जब सीएम नहीं पहुंचे, तो बदायूं से सांसद और महोत्सव समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने आईजीसीएल का शुभारंभ किया। एक तरह से यह यादव परिवार का पारिवारिक जलसा माना जाता है। इसमें बॉलीवुड की कई बड़ी-बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं। इस बार सैफई महोत्सव 11 जनवरी तक चलेगा। जब सीएम सैफई महोत्सव का उद्घाटन करने नहीं पहुंचे तो महोत्सव के आयोजक और सांसद धर्मेंद्र यादव ने सफाई दी थी कि अखिलेश सीएम हैं, ऐसे में वों कई कार्यक्रमों में व्यस्त रहते हैं। इस वजह से वह महोत्सव के उद्घाटन में नहीं पहुंच सके। जल्द ही वह महोत्सव में शामिल होने सैफई आएंगे।
आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगरा के दौरे पर हैं। इस दौरान उनके आगरा से ही सैफई जाने के कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन शासन की ओर से आज के तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम अखिलेश यादव को दिन में 2:20 बजे लखनऊ वापस लौटना है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज आगरा में
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज आगरा में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। वह नई दिल्ली से राजकीय वायुयान से दोपहर 12 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से 12.25 बजे ताज नेचर वाक रवाना होंगे, जहां हजार युवाओं को नौकरी के नियुक्ति पत्र देने के साथ कन्या विद्या धन का वितरण होगा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 2.20 बजे लखनऊ रवाना हो जाएंगे।
Loading...